हजारीबाग

झामुमो ने किया ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, इस्तीफे की उठाई मांग।

लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय होना आवश्यक है :- संजीव बेदिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उठे विवाद के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) हजारीबाग जिला समिति ने रविवार को जिला परिषद चौक पर उनका पुतला दहन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया ने की।
इससे पूर्व बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता हीराबाग चौक स्थित जिला कार्यालय में एकत्रित हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में जिला परिषद चौक पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया तथा उनके इस्तीफे की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया ने कहा कि हाल में सामने आई खबरों ने देश की जनता के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और यदि किसी अधिकारी की कार्यशैली या भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय होना आवश्यक है। जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि देश का लोकतंत्र निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव प्रणाली पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन तथ्यों का खुलासा मीडिया रिपोर्टों में हुआ है, उससे आम नागरिकों के बीच शंकाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए और यदि आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई होनी चाहिए। झामुमो के केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से सर्वोच्च नैतिक मानकों की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर किसी प्रकार का संदेह भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जनता के मन में उठ रहे सवालों का स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब सामने आना चाहिए ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बना रहे। केंद्रीय सदस्य सुनील कुमार ने कहा कि देश की जनता चुनाव आयोग को एक निष्पक्ष संस्था के रूप में देखती है और इस संस्था की विश्वसनीयता किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि विवाद से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर केंद्रीय सदस्य इज़हार अंसारी, यासीन खान, सोनाराम मांझी, विकास राणा, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव, सतीश दास, जिला उपाध्यक्ष मोहन सोरेन,रंजीत मेहता, नईम राही, सत्येंद्र मेहता,जिला सह सचिव लखीराम मांझी, राजदेव यादव, प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, रामकुमार मेहता, राजेश मेहता, देवानंद कुमार, कुदुस अंसारी, नवीन प्रकाश,  बीरबल मेहता, आनंद मरांडी, निसार अहमद, रामकुमार राम, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता देवी, श्वेता दुबे, रीना देवी, साजमा खातून, खलील अंसारी, बबलू चंद्रवंशी, पिंटू कुमार, विक्रम रवि,रंजीत राम, नंदू वीर राम, गुलाब मेहता, रोहित रजक, सुशील ओझा ,प्रकाश मेहता रमेश तिवारी, रोजर नाइट, चंदन सिंह, राजेश यादव, साजन मेहता समेत सैकड़ों की संख्या मे झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button