
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को वृद्धावस्था आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवप्रिय सारस्वत रहे। इस दौरान ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (एलपीजीसीएल) की ओर से सीएसआर के तहत करीब दो लाख रुपये की लागत के 10 एयर कूलर आश्रम को भेंट किए गए। एलपीजीसीएल के वाइस प्रेसिडेंट राजीव श्रीवास्तव ने वृद्धजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके सम्मान और सेवा का आह्वान किया। मुख्य अतिथि देवप्रिय सारस्वत ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है तथा उनकी सेवा आत्मिक संतोष प्रदान करती है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनाली जैन ने आश्रम से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में एलपीजीसीएल के सीएसआर हेड राजेन्द्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राजीव शुक्ला, प्रमोद पटैरिया एवं उमाकांत सुड़ेले ने भी विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। संचालन वृद्धाश्रम प्रबंधक दामोदर शर्मा ने किया।



