ललितपुर

वेब ब्राउजिंग में जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी

साइबर पुलिस ने बताए बचाव के तरीके

एसपी की मौजूदगी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम
थानों की साइबर सेल केे कर्मचारियों को दिया तकनीकी प्रशिक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर पुलिस की ओर से बुधवार को वेब ब्राउजिंग सेफ्टी विषय पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी संजीव कुमार बाजपेई की उपस्थिति में हुआ। इसका उद्देश्य जनपद के विभिन्न थानों पर स्थापित साइबर सेल के कर्मचारियों को अधिक दक्ष, सतर्क एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाना तथा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति प्रभावी रूप से जागरूक करना रहा। साइबर थाना टीम द्वारा सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक इंटरनेट और वेब ब्राउजिंग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साइबर टीम ने वेबसाइट की प्रामाणिकता जांचने, यूआरएल को सावधानीपूर्वक देखने, एचटीटीपीएस एवं सुरक्षित कनेक्शन की पहचान करने तथा संदिग्ध लिंक और पॉप-अप से बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। साइबर विशेषज्ञों ने बताया कि अनजान या संदिग्ध वेबसाइटों से किसी भी प्रकार की फाइल अथवा एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करनी चाहिए। फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और ऑनलाइन ठगी के मामलों में साइबर अपराधी लोगों को भ्रमित कर उनकी निजी एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसलिए इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। इस दौरान साइबर सेल के कर्मचारियों को भी वेब ब्राउजिंग से जुड़े सुरक्षा उपायों एवं तकनीकी सावधानियों की जानकारी दी गई, ताकि वह साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन को भी प्रभावी ढंग से जागरूक कर सकें। पुलिस ने आमजन से अपील की कि इंटरनेट पर किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान वेबसाइट से डाउनलोड करने अथवा वेबसाइट की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उसमें अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी दर्ज करने से बचें। सतर्कता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button