शामली
20 घंटे की मेहनत से छात्राओं ने बनाई 20×33.5 फीट की विशाल रंगोली
सेवा संकल्प अभियान में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों से उकेरा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सेवा संकल्प अभियान 2026-27 के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने 20×33.5 फीट की विशाल रंगोली तैयार की। रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को प्रस्तुत किया गया। इसे तैयार करने में छात्राओं ने दो दिनों में करीब 20 घंटे मेहनत की।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत बनाई गई रंगोली में प्राकृतिक रंगों, फूलों, मिट्टी और अन्य पारंपरिक सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल किया गया। इसके माध्यम से सामाजिक विकास, जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रदर्शित किया गया।
रंगोली का अवलोकन जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल और राजकीय हाईस्कूल पांवटीकला के प्रधानाध्यापक डॉ. अमित मलिक ने किया। उन्होंने छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
इस दौरान छात्राओं को जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने कहा कि छात्राओं ने विशाल रंगोली के माध्यम से देश के विकास और भविष्य की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। रंगोली निर्माण में शिक्षिकाओं रूमा गर्ग, निधि जैन, बबीता गुप्ता और हरविंदर कौर का मार्गदर्शन रहा। छात्राओं की मेहनत से तैयार रंगोली विद्यालय परिसर में आकर्षण का केंद्र बनी रही।