जामताड़ा
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने चार लोगों को कुचला, सभी घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोड़ी गांव में गुरुवार को एक सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क पर जा रहे चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नारायणपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायलों की पहचान परमेश्वर यादव, अजय यादव, मंसूर मियां और रोहित यादव के रूप में की गई है। हादसे में घायलों को किस तरह की चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और स्कॉर्पियो चालक की स्थिति क्या थी, इसकी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है।




