झुंझुनू

राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी व लाल बहादुर शास्त्री सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को किया नमन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी के नेतृत्व में महात्मा गाँधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर महात्मा गाँधी के साथ भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा की सदस्य लीला रॉय नाग की जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत की प्रथम स्वास्थ्य मंत्री राजकुमारी अमृत कौर तथा स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न के. कामराज को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी एवं कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष एनी बेसेंट की 1 अक्टूबर को हुई जयंती को भी स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने महात्मा गाँधी के जन्मदिवस 2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में घोषित किया है। गाँधी का सत्य, अहिंसा, प्रेम, सहिष्णुता और मानवता का संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और युद्ध की स्थितियां बनी हुई हैं, तब गाँधी के अहिंसा और शांति के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और भी आवश्यक हो गया है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए सत्य, अहिंसा, सेवा, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। राजीव गाँधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष विजय मील और योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम में युवा सामाजिक कार्यकर्ता विजय मील, योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, धर्मपाल गाँधी, सुशील काला, शिवदान सिंह भालोठिया, चंद्रवीर बुडानिया, दरिया सिंह डीके, भगत सिंह भालोठिया, अनामिका शर्मा, सुनील गाँधी, भाविका गाँधी, अजय लिखवा, पुनीत पिलानी, रोहन, अमित, आकाश, सुमित, आदित्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button