सिंगरौली

देवसर जनपद की 13 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों की होगी जांच

भ्रष्टाचार की शिकायत पर आईएएस सौम्या मिश्रा ने गठित की 4 सदस्यीय टीम, 7 दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिले की जनपद पंचायत देवसर की 13 ग्राम पंचायतों में पिछले चार वर्षों के दौरान कराए गए निर्माण कार्य अब जांच के दायरे में आ गए हैं। निर्माण कार्यों में कथित वित्तीय एवं तकनीकी अनियमितताओं को लेकर की गई शिकायत के बाद जनपद पंचायत देवसर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आईएएस सौम्या मिश्रा ने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए चार सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है और टीम से सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
तस्वीरों और दस्तावेजों के साथ की गई थी शिकायत
सुपेला निवासी प्रवेश कुमार तिवारी ने निर्माण कार्यों से संबंधित शिकायत अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की थी। शिकायत में वर्ष 2022 से 2026 के बीच विभिन्न मदों से कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मूल्यांकन, भुगतान और अभिलेखों की जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने अपने दावों के समर्थन में कुछ निर्माण कार्यों की तस्वीरें और दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।
शिकायत में निर्माण कार्यों में मानकों के पालन, कार्य की वास्तविक स्थिति और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड के सत्यापन की मांग की गई है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
इन 13 पंचायतों में होगी जांच
जांच के दायरे में नौढ़िया, ईंटार, जियावन, झखरावल, धनहा, ढोंगा, जोगिनी, सरौंधा, अंतरवा, चरकी, कारी, पुरवा और बूढ़ाडांड ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
मौके पर जाकर होगा भौतिक सत्यापन
जांच दल संबंधित पंचायतों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन करेगा। इसके साथ ही स्वीकृत राशि, तकनीकी स्वीकृति, मूल्यांकन, मस्टररोल, बिल-वाउचर, भुगतान और संबंधित शासकीय अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।
जांच में यदि किसी निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों के उल्लंघन अथवा वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होती है, तो जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button