फर्जी दस्तावेजों पर 8.50 लाख का ऋण लेने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि पर 8.50 लाख की ऋण लेने का आरोप लगा है। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक नामजद, शाखा प्रबंधक व फील्ड आफिसर के विरूद्ध अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है।
हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा निवासी जरनेल सिंह ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया है कि उसने वर्ष 2016 में मौजा बल्हेड़ा फरगना बिड़ौली में राशिद निवासी बल्हेड़ा से 1.2960 हेक्टेयर भूमि में से 0.8480 हेक्टेयर कृषि भूमि 10 लाख रुपये में खरीदी थी। बीमारी के कारण वह भूमि का राजस्व रिकॉर्ड में अपने नाम पर दाखिल-खारिज नहीं करा सका। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर राशिद ने पंजाब नेशनल बैंक की कैराना शाखा के प्रबंधक और फील्ड ऑफिसर से कथित मिलीभगत कर राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कराई और खरीदी गई भूमि की फर्जी मॉर्गेज डीड तैयार कर तीन मई 2023 को बैंक से 8.50 लाख रुपये का ऋण ले लिया। 28 जून 2026 को वह अपने साथियों के साथ बैंक पहुंचा और जमीन पर लिए गए ऋण के संबंध में जानकारी मांगी। आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसे बाहर निकाल दिया। वहीं, राशिद पर भी ऋण की रकम जमा करने से इनकार करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

