अनूठी परंपरा: कैराना में निकला काल जुलूस, सौहार्द की बही बयार
श्रीरामलीला महोत्सव प्रारंभ होने के बाद दशकों पुरानी परंपरा के तहत निकला काल जुलूस

हिंदू-मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, पुलिस रही मुस्तैद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर में ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव मंचन प्रारंभ होने के बाद दशकों पुरानी अनूठी परंपरा के तहत काल का जुलूस निकाला गया। काल के पीछे युवाओं की दौड़ और बाजारों में उमड़ा उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। खास बात यह रही कि जुलूस में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने मिलकर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ उत्साहपूर्वक इस परंपरा का आनंद लिया। जुलूस ने नगर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की तस्वीर भी पेश की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।
नगर में श्रीरामलीला मंचन प्रारंभ होने के बाद काल जुलूस की तैयारियां कटेहरा धर्मशाला में हुई। यहां काल का अभिनय करने वाले मोहल्ला आलदरम्यान निवासी रवि कुमार को काले रंग से पोता गया और उसकी पीठ व पैरों में घुंघरू बांधे गए। इसके बाद काल देवी मंदिर तालाब स्थित प्राचीन काली माता मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत रूप से काली माता की पूजा की। इसके बाद काल हाथ में लकड़ी की तलवार लेकर बाजारों की ओर दौड़ पड़ा। जुलूस बेगमपुरा बाजार, चौक बाजार, पुराना बाजार, सर्राफा बाजार, शंकरसौदियान, आलदरम्यान, निर्मल चौराहा और पट्टोवाला से होते हुए मोहल्ला गुंबद और कलस्यान चौपाल के निकट से पानीपत-खटीमा राजमार्ग तक पहुंचा। यहां से पालिका मार्केट के सामने होते हुए काल पुन: चौक बाजार में पहुंचा। चौक बाजार में रामलीला के प्रसंग के तहत रावण मेघनाथ को काल को बंदी बनाने का आदेश देते हैं। देर शाम मेघनाथ और काल के बीच युद्ध होता है और मेघनाथ काल को बंदी बनाकर ले जाते हैं। काल को जीतने के बाद रावण को अपने पराक्रम पर अहंकार हो जाता है। इसके साथ ही जुलूस संपन्न हो गया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवा काल के पीछे दौड़ रहे थे। काल ने लकड़ी की तलवार से युवाओं को छुआ तो कई युवाओं ने इसे परंपरा का हिस्सा मानते हुए उत्साह के साथ इसका आनंद लिया। व्यापारियों ने भी काल को इनाम देकर आशीर्वाद लिया। जुलूस के दौरान दोनों समुदायों के युवाओं की सहभागिता ने आपसी भाईचारे का संदेश दिया। सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अफसरों को काल ने दिया आशीर्वाद
काल के जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एएसपी सुमित शुक्ला कैराना पहुंचे। उन्होंने जुलूस मार्ग पर पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया। कलस्यान चौपाल के निकट काल ने एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को आशीर्वाद दिया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने काल को रुपये देकर सम्मान भी किया।
काल जुलूस देखने दुबई से पहुंचा दीपक
नगर की प्राचीन रामलीला और काल के जुलूस से जुड़ी परंपरा का आकर्षण विदेश में रहने वाले कैराना के युवाओं को भी अपनी ओर खींचता है। मोहल्ला आलकलां निवासी दीपक चौहान उर्फ अन्नू पिछले करीब पांच वर्षों से दुबई में जिम ट्रेनर के रूप में रह रहे हैं। काल के जुलूस में शामिल होने के लिए वह एक दिन पहले ही कैराना पहुंच गए। दीपक ने जुलूस में शामिल होकर युवाओं के साथ जमकर उत्साह मनाया और दशकों पुरानी इस परंपरा का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि विदेश में रहने के बावजूद कैराना की रामलीला और उससे जुड़ी परंपराओं से उनका लगाव बना हुआ है। काल का जुलूस देखने के लिए विशेष रूप से कैराना पहुंचना उनके लिए यादगार रहा।



