पाकुड़

विद्यार्थियों ने सब-स्टेशन एवं हाइब्रिड सोलर प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण

Students undertook an educational visit to the substation and hybrid solar plant.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ पॉलिटेक्निक के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए संस्थान परिसर स्थित विद्युत सब-स्टेशन एवं 50 किलोवाट हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाई जाने वाली सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक विद्युत प्रणालियों, उपकरणों और उनकी कार्यप्रणाली से जोड़ते हुए व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान के विद्युत सब-स्टेशन एवं वितरण प्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें ट्रांसफॉर्मर, इलेक्ट्रिकल पैनल, प्रोटेक्शन एवं स्विचिंग उपकरण, मापन यंत्र तथा विद्युत वितरण व्यवस्था की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किस प्रकार ग्रिड से प्राप्त विद्युत आपूर्ति को ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से आवश्यक वोल्टेज स्तर पर परिवर्तित कर कैंपस के विभिन्न विद्युत भारों तक सुरक्षित रूप से पहुंचाया जाता है। विद्यार्थियों ने संस्थान में विद्युत आपूर्ति के विभिन्न स्रोतों की भूमिका को भी समझा। इनमें मुख्य ग्रिड सप्लाई, डीजी (Diesel Generator) बैकअप तथा सौर ऊर्जा उत्पादन प्रणाली प्रमुख हैं। उन्हें बताया गया कि विद्युत आपूर्ति के इन विभिन्न स्रोतों का समन्वय संस्थान में विद्युत की विश्वसनीय एवं निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में किस प्रकार सहायक होता है। भ्रमण का प्रमुख आकर्षण संस्थान परिसर में स्थापित 50 किलोवाट हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट रहा। विद्यार्थियों ने रूफटॉप सोलर पैनलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया तथा सौर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को समझा। उन्हें पावर कंडीशनिंग यूनिट (PCU), इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल, बैटरी बैंक एवं विद्युत वितरण प्रणाली की भूमिका और आपसी समन्वय के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाय-डायरेक्शनल एनर्जी मीटर की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। उन्हें बताया गया कि यह मीटर ग्रिड से उपभोग की गई विद्युत ऊर्जा (Import) तथा सौर प्रणाली से ग्रिड में भेजी गई विद्युत ऊर्जा (Export) का रिकॉर्ड रखता है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रिड-कनेक्टेड सोलर सिस्टम में विद्युत ऊर्जा के दो-तरफा प्रवाह की व्यावहारिक समझ मिली। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विद्युत उत्पादन, ट्रांसफॉर्मेशन, प्रोटेक्शन, स्विचिंग, वितरण, ऊर्जा मापन, डीजी बैकअप तथा नवीकरणीय ऊर्जा के ग्रिड एकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को वास्तविक उपकरणों के माध्यम से समझा। इससे उन्हें Power System, Basic Electrical Engineering एवं Renewable Energy से संबंधित सैद्धांतिक अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिला। यह शैक्षणिक भ्रमण आशीष कुमार, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रणव कुमार डे एवं प्रीति कुमारी, लेक्चरर, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, ने फैकल्टी कोऑर्डिनेटर के रूप में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल के माध्यम से पाकुड़ पॉलिटेक्निक का इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग विद्यार्थियों को पारंपरिक ग्रिड सप्लाई, डीजी बैकअप और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न विद्युत स्रोतों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ अनुभवात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है। “Learn • Observe • Explore • Experience” की भावना के अनुरूप आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों को संस्थान की वास्तविक विद्युत व्यवस्था को करीब से समझने तथा आधुनिक ऊर्जा प्रणालियों के व्यावहारिक पहलुओं का अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button