त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। आगामी दुर्गा पूजा, नवरात्रि, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, दीपावली और छठ पूजा समेत अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी डा. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की मौजूदगी में हुई बैठक में आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों ने सुझाव रखे।
जिलाधिकारी ने एसीएम, एसडीएम, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को शोभायात्रा, जुलूस, मेला स्थलों और मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश, विद्युत सुरक्षा, पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी और आयोजन पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुरूप ही होंगे। आयोजन समितियों से निर्धारित समय पर अनुमति के लिए आवेदन करने की अपील भी की गई।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, जबकि नगर निगम को सफाई, सड़क मरम्मत और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जुलूस और मेला स्थलों पर विद्युत तार, पोल तथा आपूर्ति की पूर्व जांच करने को कहा गया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना प्रभारियों को त्योहार रजिस्टर के आधार पर पूर्व की घटनाओं, पारंपरिक जुलूस मार्गों और मेला स्थलों की समीक्षा कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने को कहा।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने आयोजन समितियों एवं नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एमडीए सचिव बृजेश सिंह, सीएमओ डा. राम प्रसाद, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, एडीएम नगर आदित्य कुमार प्रजापति, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी देहात अभिजीत कुमार सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न आयोजन समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




