उत्तरकाशी

08 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता सूची का होगा परीक्षण

12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बीएलओ एवं बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर किया जाएगा मतदाताओं का सत्यापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर मतदाता सूची के पुनः सत्यापन एवं आवश्यक सुधार की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 08 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से सूची का बारीकी से अवलोकन करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपेक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि सत्यापन के दौरान यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी नियमानुसार दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बीएलओ तथा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान हाल में मतदाता सूची में जोड़े गए नामों का भी सत्यापन किया जाएगा। साथ ही यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने से छूट गया है तो नियमानुसार आवश्यक प्रपत्र भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी अभियान के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, कांग्रेस से दिनेश गौड़, बीएसपी से रमेश राज, राजीव नौटियाल, हरीश डंगवाल, मनोज सिंह, जयचंद रावत, महावीर नेगी, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button