उत्तरकाशी

नाबार्ड – RIDF के अंतर्गत जिले में चल रही परियोजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने नाबार्ड आरआईडीएफ़ के अंतर्गत वित्तपोषित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। जिला स्तरीय समिति की बैठक में ग्रामीण संरचना विकास निधि के अंतर्गत विभिन्न विभागों – लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु डाल, ग्रामीण निर्माण विभाग, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्यपालन, पॉलिटैक्निक, आईटीआई इत्यादि में चल रही आधारभूत संरचना की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिये कि ग्रामीण विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित समय से अधिक लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। परियोजनाओं में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कडा रुख अपनाते हुए कार्यदाई संस्थाओं को बदलने एवं उन पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में नौगाँव मंडी, चिन्यालीसौड में नवोदय विद्यालय, सरनौल में ट्राउट हेचरी, सड़क एवं सिचाई योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। विभागों को निर्देशित किया गया की ससमय सभी परियोजनाओं को पूर्ण कर परियोजना प्रगति रिपोर्ट नाबार्ड एवं अपने मुख्यालय प्रेषित करें ताकि वित्त समय से उपलभ्ध हो सके।

नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक पारित गुप्ता ने बताया की वर्तमान में जिले में आरआईडीएफ़ के अंतर्गत 335 करोड़ की 115 परियोजनाएँ चल रही है जिसमें 130 करोड़ की 52 परियोजनाएँ पिछले दो वर्षों (2024-25, 2025-26) में स्वीकृत हुई हैं। विभागवार स्थिति के अनुसार सिंचाई विभाग की 41 परियोजनाएँ, लोक निर्माण विभाग/ ग्रामीण निर्माण विभाग की 33, लघु सिंचाई की 14, शिक्षा विभाग/ तकनीकी शिक्षा की 14, पशुपालन की 7, कृषि/बागवानी/मत्स्य की 6 परियोजनाएँ चल रही हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल परियोजनाओं की समीक्षा तक सीमित न होकर उनको वास्तविक रूप से ग्रामीण जनता तक पहुंचाना है। धीमी गति से चल रही परियोजनाओं को विशेष रूप से गति प्रदान करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनपद स्तर के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button