दुर्गा पूजा को लेकर पाकुड़ में प्रशासन अलर्ट, सभी पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
Administration on alert in Pakur regarding Durga Puja; all Puja pandals inspected, and instructions issued to keep a close watch on anti-social elements.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी दुर्गा पूजा त्यौहार को शान्तिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में पाकुड़ नगर क्षेत्र स्थित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, पेयजल, साफ- सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडाल समितियों के सदस्यों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने पर जोर दिया गया।
आपत्तिजनक टिप्पणियों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी या ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो अथवा कानून- व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गये हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
चौक- चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी
प्रशासन ने बताया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनाती की जायेगी। इसके अलावे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर दें सूचना, पहचान रखी जायेगी गोपनीय
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तुरन्त नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दे। प्रशासन के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी।
निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें भू- अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मोहम्मद मुजाहिद अंसारी, नगर प्रशासक अमरिंदर कुमार चौधरी, एसडीओ साईमन मरांडी, एसडीपीओ कुमार गौरव, थाना प्रभारी जॉन मुर्मू सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा त्यौहार के दौरान शान्ति, सुरक्षा और विधि- व्यवस्था बनाये रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर पूजा- अर्चना कर सके और पर्व शान्तिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।



