हापुड़

बाबूगढ़ पुलिस की जन चौपाल: ग्रामीणों को किया जागरूक

अवैध शराब से लेकर साइबर अपराध तक पर दी अहम जानकारी

बाबूगढ़ थाना प्रभारी ने मुबारिकपुर गांव में ग्रामीणों से किया संवाद, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और आगामी चुनावों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। जनपद हापुड़ में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना बाबूगढ़ पुलिस ने ग्राम मुबारिकपुर में जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही गांव में अवैध शराब की बिक्री रोकने और आगामी विधानसभा व पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा की गई।

जन चौपाल के दौरान बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना बेहद जरूरी है। यातायात नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।

इसके अलावा ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी ऑनलाइन ऑफर और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने लोगों से अपील करी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर –

पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के संबंध में जानकारी दी। महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उपलब्ध महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।

अवैध शराब और चुनावी तैयारियों पर चर्चा-

जन चौपाल में गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर ग्रामीणों से सहयोग मांगा गया। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। आगामी विधानसभा और पंचायत चुनावों के मद्देनजर भी ग्रामीणों से शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

वहीं, आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और सुरक्षा संबंधी सावधानियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते पुलिस तक पहुंचाना जरूरी है।

थाना बाबूगढ़ पुलिस की इस जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, लोगों की समस्याओं को समझना तथा गांव में सुरक्षा और जागरूकता का माहौल मजबूत करना रहा। पुलिस ने ग्रामीणों से कानून का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button