कैराना

बस की टक्कर से ई-रिक्शा सवार किशोर की मौत

मुख्य मार्ग पर पीएनबी के निकट हुआ हादसा, ई-रिक्शा चालक गंभीर घायल

हादसे के बाद बस समेत फरार हुआ चालक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत संचालित एक बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
   सोमवार प्रातः करीब दस बजे नगर के मुख्य मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के निकट मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत चल रही एक बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक जावेद निवासी मोहल्ला खैलखुर्द गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ई-रिक्शा में सवार 13 वर्षीय आलिम पुत्र खालिद निवासी मोहल्ला खैलकलां की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर लगने से आलिम सड़क पर गिर गया था और उसका सिर सड़क पर लगने से उसकी जान चली गई। दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आलिम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। वहीं, हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि आलिम चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी तीन बहनें हैं। उसके पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button