बरेली
हंसी के ठहाकों और फैशन शो के साथ संपन्न हुआ 46वां वाल्मीकि सद्भावना मेला

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। माधोबाड़ी स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित 46वां वाल्मीकि सद्भावना मेला हंसी के ठहाकों और रंग-बिरंगे भारतीय परिधानों के फैशन शो के साथ संपन्न हो गया। अंतिम दिन अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन और फैशन शो मुख्य आकर्षण रहे। उद्घाटन महापौर डॉ. उमेश गौतम ने किया।
रोहित ‘राकेश’ के संचालन में सजी काव्य संध्या में कवियों ने हास्य, व्यंग्य और प्रेम से सजी रचनाओं से समां बांध दिया। रोहित राकेश ने नेताओं पर तीखा व्यंग्य किया –
“बगुला भगत बने फिरते हैं नेता हिंदुस्तान के…_
हाथरस से आए सबरस मुरसानी का ‘नेता का पहाड़ा’ खूब सराहा गया। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कमल की प्रेम रचना, पूरनपुर की शायरा सुल्तान जहां की गजल और अध्यक्ष निरुपमा अग्रवाल की कविता ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। फैशन शो में प्रतिभागियों ने भारतीय पारंपरिक परिधानों और वेडिंग थीम पर प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। यह शो चिराग इवेंट्स के करण सिंह के निर्देशन में हुआ। तीन दिवसीय मेला भगवान वाल्मीकि के आदर्शों और सामाजिक सद्भाव के संदेश के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मनोज थपलियाल, दक्ष शर्मा पाराशर, आकाश पुष्कर, सुनील दत्त, योगेश बंटी, संजीव सिंह, कमल विग आदि मौजूद रहे।




