शामली

अचानक बदला मौसम, बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

खेतों में इकट्ठा की गई उड़द की फसल भीगने का खतरा, गेहूं की बुआई में होगी देरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

झिंझाना। अचानक मौसम ने करवट ली तो किसानों की चिंता बढ़ गई। भारी बारिश ने उड़द की फसल पर संकट खड़ा कर दिया है। जिन किसानों ने कई दिनों की मेहनत के बाद उड़द की कटाई पूरी कर फसल खेतों में इकट्ठा की थी, उन्हें अब बारिश में फसल खराब होने का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि यदि रात में भी बारिश जारी रही तो उन्हें हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, खेत खाली नहीं होने से गेहूं की बुआई भी प्रभावित होने की आशंका है।
18 बीघा में उड़द की फसल, 70 से 80 हजार रुपये के नुकसान की आशंका  किसान राहुल मलिक ने बताया कि उन्होंने 18 बीघा जमीन में उड़द की फसल लगाई हुई थी। दो दिन पहले ही फसल की कटाई पूरी हुई थी। मंगलवार को उन्होंने खेतों में कटी हुई उड़द को इकट्ठा किया था। इसके लिए मजदूरों को 20 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से लेबर चार्ज भी देना पड़ा। अब अचानक हुई बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका है। राहुल मलिक के मुताबिक, यदि रात में भी बारिश होती है तो उन्हें करीब 70 से 80 हजार रुपये तक का नुकसान हो सकता है। 38 बीघा जमीन ठेके पर लेकर उगाई उड़द, अब बारिश का डर मछरौली निवासी किसान मनोज ने बताया कि उन्होंने शाहपुर के पास 38 बीघा जमीन ठेके पर लेकर उड़द की फसल बोई थी। फसल पककर तैयार हो गई थी और कई दिनों से कटाई चल रही थी। रोजाना करीब 15 मजदूर खेत में काम कर रहे थे। मंगलवार को मजदूरों ने कुछ फसल काटकर इकट्ठा कर दी थी, जबकि कुछ फसल की कटाई बाकी थी। अब बारिश के कारण पूरी मेहनत पर पानी फिरने का डर सता रहा है। किसान के अनुसार, यदि रात में भी बारिश होती है तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। गेहूं की बुआई पर भी पड़ेगा असर किसानों ने बताया कि एक बीघा जमीन में उड़द की औसतन 70 से 80 किलोग्राम तक पैदावार हो जाती है। ऐसे में बारिश से फसल खराब होने पर किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है। उड़द की कटाई और फसल को सुरक्षित करने में देरी होने से खेत समय पर खाली नहीं हो पाएंगे, जिससे गेहूं की बुआई भी पिछड़ने की आशंका है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत और कमाई दोनों पर संकट खड़ा कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button