गोड्डा
गोड्डा में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ, 200 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
डीसी लोकेश मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन

पांच विधाओं में आयोजित हुई प्रतियोगिताएं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। युवाओं के जोश, कला के रंग और प्रतिभा की नई उड़ान के साथ शनिवार को गोड्डा में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। सुभद्रा बैंक्विट हॉल में जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से करीब 200 युवाओं ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा और अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने युवाओं को राष्ट्रीय युवा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का उपयोग राष्ट्र निर्माण में किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोड्डा का नाम रोशन करने की अपील की।
पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा उत्सव के दौरान सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लोकनृत्य और लोकगीत के माध्यम से युवाओं ने पारंपरिक लोकसंस्कृति एवं जनजातीय विरासत की झलक प्रस्तुत की। वहीं, चित्रकला में प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से उकेरा। नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया गया, जबकि कविता लेखन में युवाओं ने अपने विचारों और सामाजिक सरोकारों को शब्दों का रूप दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी पुरस्कृत
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महोत्सव ने युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला को निखारने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।



