अमरोहा

तिगरी गंगा मेले की तैयारियों को लेकर राष्ट्र सेवी संगठन ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा । आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियों को लेकर राष्ट्र सेवी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान गंगा नदी के किनारे श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे टेंट लगाने के स्थानों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में गंगा किनारे भारी गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।
इसके बाद हसनपुर स्थित संगठन के कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी अमरोहा को संबोधित ज्ञापन सौंपा और मेले की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार कराने की मांग की।
राष्ट्र सेवी संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने मांग की कि तिगरी गंगा मेले को भव्य स्वरूप देते हुए अर्धकुंभ घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य बड़े मेलों की तुलना में इस बार तैयारियां अधूरी दिखाई दे रही हैं। इसलिए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुरूप गंगा पार मेला क्षेत्र को जोड़ने के लिए जल्द पेंटून पुल का निर्माण कराया जाए।
ज्ञापन में मेला स्थल पर पन्नी, प्लास्टिक और अन्य कचरे की व्यापक स्तर पर सफाई कराने, गहरे घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की गई। साथ ही टेंट सिटी के कारण आम श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान कराने पर भी जोर दिया गया।संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस  मौके पर भारतीय किसान संघ के प्रांत गन्ना प्रमुख महिपाल सिंह, सहकारी संघ कुंदरखी के भूरकरन सिंह, होशियार सिंह, वीर सिंह, सन्नी शर्मा, खिलेंद्र सिंह, सुमित कुमार, संदीप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button