सिंगरौली
एनटीपीसी विंध्याचल में विक्रेता विकास कार्यक्रम, पारदर्शिता और नैतिक व्यावसायिक आचरण पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत 2 नवंबर को “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर एक दिवसीय विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विक्रेता भागीदारों के साथ पारदर्शिता, नैतिक व्यावसायिक आचरण, नियमों के अनुपालन और आपसी विश्वास को मजबूत करना रहा।
कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक एम. सुरेश, निर्मल कुमार सिंह, टी.एन. सीतारामन, डॉ. बी.के. भराली, एच.पी. देवांगन, मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत अपर महाप्रबंधक ए.के. मिश्रा के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने अपने संबोधन में कहा कि दीर्घकालिक और मजबूत व्यावसायिक साझेदारी के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा नैतिक आचरण बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विक्रेता भागीदारों से व्यावसायिक व्यवहार के उच्च मानकों को अपनाने और सभी वैधानिक एवं संविदात्मक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने औद्योगिक सुरक्षा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहन, व्यावसायिक स्वास्थ्य, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमिता, श्रम कानून, जेम पोर्टल, साइबर सुरक्षा और वीआईएमएस भुगतान प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। विक्रेता प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए। इससे अधिकारियों और विक्रेताओं के बीच संवाद तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में डॉ. देबास्मिता त्रिपाठी, अपर महाप्रबंधक (आरएलआई) का विशेष योगदान रहा। आयोजन का समन्वय संदीप कुमार, उप महाप्रबंधक (संविदा एवं सामग्री) के साथ मानव संसाधन, टीएडी, आईटी, आईसीएच तथा संविदा एवं सामग्री विभागों की टीमों ने किया। अंत में अपर महाप्रबंधक मीनाक्षी बाला वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी प्रतिभागियों से सत्यनिष्ठा एवं नैतिक व्यावसायिक आचरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता मजबूत करने की अपील की।कार्यक्रम के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल ने विक्रेता भागीदारों के साथ पारदर्शी, जवाबदेह और विश्वासपूर्ण व्यावसायिक संबंध विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




