जामताड़ा

दीपावली को लेकर करमाटांड़ बाजार में पुलिस की विशेष चौकसी

ज्वेलरी दुकानों का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ : दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर करमाटांड़ थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे अपने पुलिस बल के साथ करमाटांड़ बाजार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाजार की विभिन्न सोनार एवं ज्वेलरी दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों से कैमरों की स्थिति और उनकी कार्यशीलता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही दुकानों के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने दुकानदारों को हिदायत दी कि दीपावली के दौरान बाजार में ग्राहकों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सभी दुकानदार अपनी दुकानों में विशेष सतर्कता बरतें। दुकानदारी के दौरान नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। दुकान बंद करते समय भी सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने पूजा-पाठ एवं त्योहार की खरीदारी के दौरान भी चौकन्ना रहने की अपील की। साथ ही दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के दौरान चोरी, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है, ताकि बाजार के दुकानदारों के साथ-साथ आम नागरिक भी भयमुक्त वातावरण में त्योहार मना सकें। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के मद्देनजर पुलिस की निगरानी और गश्ती जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button