बरेली
जनगणना-2027 के प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को मीरगंज के स्वामी दयानंद डिग्री कॉलेज में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए नियुक्त प्रगणकों व सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रक्रिया व व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्मिकों की शंकाओं को सुना।
डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके आंकड़ों से ही विकास, संसाधनों के नियोजन और जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारण होता है, इसलिए इसमें कोई लापरवाही न हो। सभी प्रगणक व सुपरवाइजर पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी से प्रशिक्षण लें।
उन्होंने बताया कि जनगणना में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही प्रश्न पूछें, किसी से कोई दस्तावेज या प्रमाण पत्र न मांगें। कोई भी कार्मिक ड्यूटी से बचने का प्रयास न करे। महाविद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें।
निरीक्षण के बाद डीएम ने जनगणना जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय फतेहगंज पश्चिमी की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनगणना में सहभागिता का संदेश दिया।
इस दौरान एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, तहसीलदार मीरगंज सहित अधिकारी मौजूद रहे।



