
भारत विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री के पीछे नाले के पास चल रहा था जुए का फड़
महरौनीखुर्द के सभी आठ निवासी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 9,040 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भारत विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री के पीछे नाले के पास कुछ लोग रुपये-पैसों की हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी अमरपुर मंडी उपनिरीक्षक देवराज मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ से 8,150 रुपये तथा आरोपियों की जामातलाशी से 890 रुपये बरामद किए। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्ते भी बरामद हुए। इस प्रकार कुल 9,040 रुपये की नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम महरौनीखुर्द निवासी दीपक पुत्र मक्खन लाल, रंजीत पुत्र प्रीतम, दीपक पुत्र प्रकाश, अतेन्द्र पुत्र सुरेश, लोकेश पुत्र सुरेश, मुलायम पुत्र हुकुम सिंह, जितेन्द्र पुत्र गनू और मनोज पुत्र प्रीतम शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 1171/2026, धारा 13 जी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी अमरपुर मंडी उपनिरीक्षक देवराज मौर्य एवं उनकी पुलिस टीम शामिल रही।



