सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हुआ साबिर, अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया; परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना, शामली। कैराना-अलीपुर रोड पर सड़क पर बिखरी रोड़ी के कारण स्कूटी फिसलने से एक दिव्यांग युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार किए जाने पर पुलिस ने शव उनके सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव जहानपुरा निवासी साबिर (45) बुधवार रात करीब आठ बजे स्कूटी से कैराना से अपने गांव लौट रहा था। बताया जाता है कि अलीपुर रोड पर सड़क पर बिखरी रोड़ी के कारण उसकी स्कूटी अचानक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
बताया गया कि साबिर दिव्यांग था और कैराना में सीओ कार्यालय के निकट अपने भाई सरवर के साथ फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। वह छह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तीन बहनें थीं और वह अविवाहित था। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

