झारखण्ड में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, VB-G RAM G के तहत 12,500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखण्ड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और सड़क सुविधा से वंचित गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। विकसित भारत जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के तहत झारखंड में कुल 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों में ग्रामीण सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जायेगा। राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग की ओर से उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं अथवा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत नहीं हैं। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि योजना के तहत मुख्य रूप से जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों का निर्माण किया जावेगा। इसका प्रमुख उद्देश्य सड़क सम्पर्क से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें मौजूदा सड़क नेटवर्क से जोड़ना है। इस योजना के लागू होने से दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा। साथ ही ग्रामीण आबादी को बाजार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सभी 24 जिलों के लिए निर्धारित किया गया सड़क निर्माण का लक्ष्य
VB-G RAM G के तहत झारखण्ड के सभी 24 जिलों में कुल 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। जिलेवार निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा पलामू में 1,100 किलोमीटर, गढ़वा में 1,000 किलोमीटर, चतरा में 850 किलोमीटर और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। वहीं बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर, लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य है। इसी क्रम में देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर, जबकि गुमला और गिरिडीह में 350-350 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित है। रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर तथा दुमका और धनबाद में 200-200 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावे साहिबगंज और कोडरमा में 150-150 किलोमीटर तथा रामगढ़ में 100 किलोमीटर सड़क बनाई जायेगी। सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार होने के साथ दूरस्थ बसावटों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने के साथ कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना भी आसान होगा। कुल मिलाकर, VB-G RAM G के तहत प्रस्तावित 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़क निर्माण का लक्ष्य झारखंड के ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



