बरेली
बरेली रेंज में DIG मुनिराज का सख्त संदेश
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बरेली रेंज की कमान संभालने के बाद नए DIG मुनिराज जी ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर सख्त रुख जाहिर कर दिया है। पुलिस लाइन में पत्रकारों के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने साफ कहा कि अब पुलिस की जवाबदेही सिर्फ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि थानों में होने वाली सुनवाई, विवेचना की गुणवत्ता और पुलिसकर्मियों के व्यवहार की भी निगरानी होगी। DIG ने जनसुनवाई को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच हो और उन्हें न्याय मिले। किसी मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है या शिकायत के निस्तारण में जानबूझकर लापरवाही की जाती है तो संबंधित पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर,
बदलते दौर में सोशल मीडिया कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। इसे देखते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों, अफवाहों और माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर निगरानी रखने पर जोर रहेगा। पुलिस ऐसी गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए कानून के दायरे में कार्रवाई करेगी।
सनसनीखेज मामलों में सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सजा तक पहुंचेगी कार्रवाई
सनसनीखेज और गंभीर आपराधिक घटनाओं में पुलिस की सफलता केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से नहीं आंकी जाएगी। ऐसे मामलों में साक्ष्य जुटाने, विवेचना को मजबूत बनाने और अदालत में प्रभावी पैरवी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दोषियों को कानून के मुताबिक कड़ी सजा मिल सके।बरेली रेंज के अंतर्गत आने वाले बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।




