शामली
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 470 वाहनों के चालान, 200 ओवरस्पीडिंग में पकड़े
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। यातायात माह के तहत शामली पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 470 वाहनों के चालान किए, जिनमें 196 बिना हेलमेट और 200 ओवरस्पीडिंग के मामले शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस और विभिन्न थानों की टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों तथा मुख्य मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और उसकी स्ट्रैप लॉक रखने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के निर्देशों का पालन करने को कहा। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न, दोषपूर्ण नंबर प्लेट समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।