महेशपुर फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, DFC कोयला चौक बना चैंपियन

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखण्ड के रोलाग्राम में बिरसा मुंडा मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में DFC कोयला चौक की टीम विजेता बनी, जबकि बहा बागान FC महेशपुर उपविजेता रही। मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी सहित अन्य अतिथियों ने विजेता टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपासना मरांडी ने कहा कि खेल से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। फुटबॉल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाता है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होता है। उन्होंने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए झारखंड के वीरों को नमन किया। मौके पर जिला संगठन सचिव अनरूद्दीन मियां, प्रखंड सचिव सुशील हेमराम, सांसद प्रतिनिधि कुणाल हेमराम, क्लब अध्यक्ष संदीप कुमार टुडू सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।



