हापुड़

कार धुलाई के पैसे मांगना पड़ा भारी! युवकों ने जमकर की मारपीट

जान से मारने की धमकी का आरोप

हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में कार वॉशिंग के दौरान हुआ विवाद, मारपीट और अभद्रता का आरोप; पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

हापुड़। जनपद हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में कार धुलाई के पैसे मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार धुलवाने पहुंचे दो युवकों ने पैसे मांगने पर कार वॉशिंग का काम करने वाले युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की आई-10 ग्रैंड कार में सवार होकर दो युवक आवास विकास कॉलोनी स्थित कार धुलाई के स्थान पर पहुंचे थे। दोनों युवक अपनी कार धुलवा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका वहां मौजूद युवक से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कार की धुलाई के पैसे मांगने पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब युवक ने गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने जब बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है । पीड़ित की पहचान अरहान पुत्र इमरान के रूप में हुई है। उसने हापुड नगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया गया। अब वह आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहता है।फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस से शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आरोपों की पुष्टि करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा है। घटना ने एक बार फिर मामूली कहासुनी को लेकर बढ़ते विवादों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button