गोड्डा

डीसी व एसपी ने जिला मुख्यालय के कदबा टोला में बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर किया माल्यार्पण 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय अवस्थित कदबा टोला में माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया तथा उनके महान व्यक्तित्व, अदम्य साहस, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान, सामाजिक चेतना एवं अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध का प्रतीक है। उनका योगदान न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव एवं प्रेरणा का स्रोत है। उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सदैव जल, जंगल और जमीन की रक्षा की बात की। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान एवं सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा अन्याय के विरुद्ध एक सशक्त रणनीति के साथ आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष हमें यह सिखाता है कि सामाजिक एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। उपायुक्त ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस उद्देश्य एवं संकल्प के साथ झारखंड राज्य का निर्माण हुआ था, उसे साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी सहयोग, समन्वय एवं सकारात्मक सोच के साथ झारखंड को एक विकसित, समृद्ध एवं स्वर्णिम राज्य बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही राज्य के विकास को नई गति प्रदान की जा सकती है तथा झारखंड पूरे देश में विकास एवं सुशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके सपनों के अनुरूप एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित झारखंड के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी फैजान सरवर, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button