साहेबगंज
बजरंगी प्रसाद यादव के पहल से महादेवगंज में मंगलवार से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दंगल
देश-विदेश के नामी पहलवान दिखाएंगे अपना दमखम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर साहिबगंज सदर प्रखंड के महादेवगंज स्थित गौशाला मेला परिसर में 17 नवंबर मंगलवार एवं 18 नवंबर बुधवार को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के नामी पहलवान अपनी कुश्ती कला,ताकत और पारंपरिक दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता प्रतिदिन दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक आयोजित होगी।इस संबंध में झारखंड प्रदेश यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में पंजाब,हरियाणा,दिल्ली,बिहार, ओडिशा और झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के चर्चित पहलवानों को आमंत्रित किया गया है।इसके अलावा नेपाल के नामी पहलवान भी प्रतियोगिता में शामिल होकर अपना दमखम दिखाएंगे।आयोजन की तैयारियों को लेकर बजरंगी प्रसाद यादव ने गौशाला मेला परिसर पहुंचकर आयोजन समिति की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों के ठहरने,भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है,ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।उन्होंने आगे बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को बाबू अर्जुन अवार्ड,नकद पुरस्कार, आकर्षक ट्रॉफी एवं गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती कला को बढ़ावा देना,ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह पैदा करना है।बजरंगी प्रसाद यादव ने क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं,जनप्रतिनिधियों,समाजसेवि यों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से आपसी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर इस खेल आयोजन में शामिल होने तथा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।उन्होंने खेलप्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में गौशाला मेला परिसर पहुंचकर देश-विदेश से आए पहलवानों का उत्साहवर्धन करने और अंतरराष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता का आनंद उठाने का आग्रह किया।वही मौके पर राजेश यादव,दारा सिंह यादव,बृज मोहन यादव, कृष्णा शर्मा,निलेश यादव सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।



