शामली
पत्रकारों पर जानलेवा हमले के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
पूर्व में सात आरोपी जा चुके हैं जेल, एक अक्टूबर को दुकान में घुसकर पत्रकार विनय बालियान और मोहित शर्मा पर किया गया था हमला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे की बड़ी नहर स्थित दुकान में घुसकर पत्रकारों पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है। बीते एक अक्टूबर को जाहिद, नूरुद्दीन और गुलजार समेत करीब 20 से 25 महिला और पुरुषों ने दुकान में घुसकर पत्रकार विनय बालियान और मोहित शर्मा पर जानलेवा हमला किया था। हमले में दोनों पत्रकार घायल हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी मामले में वांछित चल रहे शकील पुत्र बारू निवासी मोहल्ला खैल को पुलिस ने गंगेरू रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।



