हापुड़

सरस्वती बाल मंदिर में भाऊराव देवरस जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड । मोदीनगर मार्ग स्थित सरस्वती बाल मंदिर में भाऊराव देवरस जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाऊराव देवरस जी के चित्र पर पुष्पार्चन कर हुआ।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि भाऊराव देवरस जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित प्रचारक एवं कुशल संगठनकर्ता थे। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, समाज के उत्थान और संगठन के विस्तार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से दूर रहकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने में लगाया। वे शिक्षा, सामाजिक समरसता, सेवा और जनजागरण के प्रबल समर्थक थे। उनका मानना था कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति समाज की एकता, संगठन और सेवा भाव में निहित है। उन्होंने अपने कार्यों और विचारों से अनेक लोगों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची महानता पद और प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए निःस्वार्थ कार्यों में होती है।

छात्र निशांत राजौरा ने भाऊराव देवरस जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भाऊराव देवरस जी का जन्म 19 नवम्बर, 1917 को नागपुर में हुआ था। भाऊराव जी के पिता श्री दत्तात्रेय देवरस राजस्व विभाग में अधिकारी थे। माँ अत्यंत सरल व विनम्र स्वभाव की गृहिणी थीं। भाऊराव देवरस जी का पूरा नाम मुरलीधर दत्तात्रेय देवरस था। प्यार से सब उन्हें ‘भाऊ’ कहकर पुकारते थे।

आचार्य कुलदीप शर्मा ने बताया कि सन् 1937 ई. में भाऊराव ने स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की तथा डा. हेडगेवार के आदेश पर संघ कार्य को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश आ गए। यहां उन्होंने लखनऊ वि.वि. में बी.कॉम. तथा एल.एल.बी. में प्रवेश ले लिया। उन दिनों वहां दो वर्ष में डबल पोस्ट डिग्री पाठ्यक्रम की सुविधा थी। लखनऊ में वे संघ के साथ स्वाधीनता आंदोलन में भी सक्रिय रहे। उ.प्र. में संघ कार्य को दृढ़ करने के बाद भाऊराव क्रमशः बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के क्षेत्र प्रचारक तथा फिर सहसरकार्यवाह बनाए गए। इन दायित्वों पर रहते हुए उन्होंने पूरे देश में प्रवास किया तथा दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, रज्जू भैया व विष्णु कांत शास्त्री जैसे कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को तैयार किया। राष्ट्र की मानसिकता में सकारात्मक परिवर्तन ही उनका मूल मंत्र था। भाऊ जी ने 13 मई 1992 को अपना भौतिक शरीर त्याग दिया लेकिन वे अपने द्वारा बनाई गई संस्थाओं, तैयार किए गए कार्यकर्ताओं और अपने पीछे छोड़ी गई विरासत के रूप में आज भी हमारे बीच उपस्थित है। कार्यक्रम में समस्त छात्र व शिक्षक उपस्थित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button