डीवीसी प्लांट गेट पर विस्थापितों का एक दिवसीय धरना तीन सूत्री मांगों पर अड़े रहे आंदोलनकारी
डीवीसी महाप्रबंधक से हुई सकारात्मक वार्ता, विस्थापितों को रोजगार और पुनर्वास रैयतों को मालिकाना हक देने की उठी मांग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। विस्थापित एवं स्थानीय संघर्ष समिति के बैनर तले बोकारो थर्मल डीवीसी प्लांट गेट के समक्ष तीन सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। सुबह 10 बजे से लेकर देर शाम तक चले धरने में सैकड़ों विस्थापित और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता करीमुद्दीन अंसारी ने की, जबकि संचालन दिनेश यादव ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भुनेश्वर केवट ने कहा कि डीवीसी मुख्यालय द्वारा निर्धारित सर्कुलर के तहत स्थानीय विस्थापितों को शत-प्रतिशत रोजगार दिया जाए। पुनर्वास रैयतों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाए और विस्थापित गांवों में पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वर्षों से विस्थापितों के साथ अन्याय हो रहा है। जमीन दी हमने, प्लांट बना हमारे गांव में, लेकिन रोजगार में हमें ही पीछे रखा जा रहा है। यह न्याय संगत नहीं है।
केंद्रीय विस्थापित महासचिव बालेश्वर यादव ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह धरना आयोजित किया गया था। मुख्य कारण है कि वर्षों से विस्थापितों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिल रही है और पुनर्वास रैयतों को आज तक जमीन का मालिकाना हक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले माह प्लांट संचालित रखने के लिए जिन लोगों को नियोजन दिया गया, उसमें प्रबंधकों और ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण विस्थापित परिवारों को प्राथमिकता नहीं मिली। मुख्यालय का सर्कुलर अब तक लागू नहीं हुआ है। धरने के बीच डीवीसी महाप्रबंधक ने विस्थापित प्रतिनिधियों को बैठक के लिए आमंत्रित किया। बैठक में गोविंदपुर ई पंचायत मुखिया विश्वनाथ महतो, बालेश्वर यादव, करीम अंसारी, सुरेंद्र घासी, जाबैद हुसैन, असगर अली शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने डीजीएम ए.ए. कुजूर के समक्ष सभी मांगों को विस्तार से रखा। विस्थापितों को रोजगार, पुनर्वास रैयतों को मालिकाना हक और गांवों में मूलभूत सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वार्ता सकारात्मक और संतोषजनक रही। प्रबंधन ने मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। मौके पर विकास कुमार सिंह, बालेश्वर यादव, करीम अंसारी, दिनेश यादव, सुरेंद्र घासी, भुनेश्वर सिंह, फलजीत महतो, रवि तुरी, मिथलेश राज, नूर मोहम्मद, खुशलाल नायक, मकसूद आलम, धनेश्वर यादव, मंजूर आलम, शिव कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।



