ललितपुर

 तुवन मैदान में चल रहे मेले पर रोक लगाने की मांग

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

अनुमति की शर्तों के उल्लंघन, आधे मैदान पर कब्जे और मुख्य द्वार बंद करने का लगाया आरोप
निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थल तुवन मैदान में संचालित हो रहे मेले को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने शनिवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर मेले के संचालन पर तत्काल रोक लगाने तथा नियमों की अनदेखी करने वाले आयोजकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि तुवन मैदान में आयोजित मेले में प्रशासन द्वारा निर्धारित अनुमति की शर्तों और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिस स्वरूप और क्षेत्रफल के लिए मेले की अनुमति ली गई थी, मौके पर उससे अलग व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आयोजकों पर मनमाने तरीके से मैदान के लगभग आधे हिस्से पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है। इससे स्थानीय खिलाडय़िों, बच्चों और सुबह-शाम मैदान में टहलने वाले नागरिकों को मिलने वाली सार्वजनिक सुविधा प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि मेले में सुविधा और वसूली के उद्देश्य से मैदान के दो प्रमुख प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही किसी आपात स्थिति में भगदड़ अथवा अन्य दुर्घटना की आशंका भी जताई गई है। ज्ञापन में मेले में टिकट, झूले और दुकानों के माध्यम से बड़े पैमाने पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने के बावजूद टिकट, रसीद और बैनर पर जीएसटी नंबर का उल्लेख नहीं होने का आरोप लगाते हुए संभावित कर अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई है। इसके अलावा मुख्य मार्ग के समीप अव्यवस्थित तरीके से मेला लगाए जाने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने तथा जाम की स्थिति बनने की बात कही गई है। एसोसिएशन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन कथित अनियमितताओं की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में आशंका जताई गई कि आयोजकों को संरक्षण मिलने के कारण नियमों की अनदेखी हो रही है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच टीम गठित की जाए और तुवन मैदान का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर जिम्मेदार आयोजकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा नियमों के विपरीत संचालित मेले पर तत्काल रोक लगाई जाए। ज्ञापन पर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष ठा. सम्राट सिंह बनाफर, तहसील महामंत्री सरदार रमनदीप सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर अंकित हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button