भरत पुर

भुसावर में 29 नवंबर को होगा पक्षी घर शुभारंभ एवं दीनबंधु सम्मान समारोह 

15 सेवा प्रकल्पों के माध्यम से मानवता और जीव सेवा की मिसाल पेश कर रही मुस्कान एक पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। सामाजिक सरोकारों, मानव सेवा एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रही संस्था मुस्कान एक पहल भुसावर की ओर से आगामी 29 नवंबर रविवार को पक्षी घर शुभारंभ एवं दीनबंधु सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संस्था की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
संस्था के पोस्टर के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन भुसावर स्थित श्रीराम गार्डन में प्रातः 10:30 बजे होगा। इस दौरान पक्षियों के संरक्षण एवं उनके लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशाल पक्षी घर का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं समाज में जरूरतमंदों की सेवा, सहयोग और मानवता के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले दीनबंधुओं का सम्मान भी किया जाएगा।
15 सेवा प्रकल्पों के माध्यम से कर रही सेवा कार्य
गौरतलब है कि मुस्कान एक पहल संस्था द्वारा 1 जुलाई 2019 से जनसहयोग के माध्यम से ‘भूखे को भोजन, प्यासे को पानी’ के संकल्प के साथ विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। संस्था की ओर से जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए नि:शुल्क दोनों समय टिफिन सेवा, हर माह राशन किट वितरण, गौ सेवा, गायों को पहली रोटी, वाहनों पर रेडियम बेल्ट लगाने की सेवा, गौशाला सहयोग, विशाल पक्षी घर, पक्षियों के लिए दाना-पानी, गौरैया घर की स्थापना, शीतल जल मंदिर तथा खुशियों का बाजार जैसे सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
इसके अलावा संस्था द्वारा संस्कार केंद्र का संचालन, विधवा महिला की बेटी के विवाह में सहयोग, असहाय लोगों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था तथा अंतिम संस्कार वाले दिन भोजन सेवा जैसे मानवीय कार्य भी किए जा रहे हैं।
मानव सेवा के साथ जीव संरक्षण का संकल्प
संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में सेवा, संवेदना, परोपकार और जीवों के प्रति दया का भाव जागृत करना है। संस्था द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्प समाज के सहयोग से जरूरतमंदों, गौवंश, पक्षियों एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। आगामी कार्यक्रम में पक्षी घर का शुभारंभ भी इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है।
संस्था के संयोजक अरविंद मित्तल एवं सहसंयोजक लोकेश अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागिता निभाने की अपील की है। संस्था का मानना है कि जनसहयोग से ही सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button