बरेली
सनसिटी कॉलोनी में नाली निर्माण के दौरान पेड़ हटाने पर विवाद, वीडियो वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पीलीभीत रोड स्थित सनसिटी कॉलोनी में नाली बनाने के कार्य के दौरान जेसीबी से पेड़ हटाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कॉलोनी की सड़क किनारे लगे कई पेड़-पौधे उखड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इनमें अशोक के पेड़ भी शामिल हैं।
वायरल वीडियो में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता (124 बरेली विधानसभा) मयंक शुक्ला नाली निर्माण के नाम पर हरे-भरे पेड़ों को हटाए जाने पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि एक तरफ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ विकास के नाम पर पेड़ों को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने इसे दोहरी नीति बताया है।
वीडियो में मौके पर मौजूद कॉलोनीवासी भी पेड़ों को बचाने की बात करते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि नाली के लिए पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता था। वहीं, कार्य के दौरान सड़क पर मलबा और उखड़ी हुई टाइलें भी बिखरी दिखाई दे रही हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि नाली निर्माण में पेड़ों को बचाने का विकल्प अपनाया जाए और हटाए गए पेड़ों के बदले नए पौधे लगाए जाएं।



