मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किसानों को मुआवजा देने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा । झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर तक हुई अत्यधिक बारिश के कारण गोड्डा सहित संथाल परगना प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि कार्य प्रभावित होने और धान सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं राहत देने की मांग की है।पत्र में कहा गया है कि संथाल परगना प्रमंडल की अधिकांश आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। अत्यधिक बारिश और खेतों में जलजमाव से किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न होने की आशंका है। विशेषकर छोटे एवं सीमांत किसान इससे अधिक प्रभावित हुए हैं।मंत्री ने मुख्यमंत्री से गोड्डा विधानसभा क्षेत्र सहित संथाल परगना के सभी प्रभावित राजस्व गांवों में फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग की है। इसके लिए कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर पंचायत और प्रखंड स्तर पर वास्तविक नुकसान का आकलन कराने का आग्रह किया है।साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा, कृषि अनुदान एवं फसल बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने की मांग की है, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।



