बेतुल
बैतूल अपनों के गढ़ में ही ‘लचर’ हुआ भाजपा संगठन
जिलाध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, कार्यकर्ताओं में भारी रोष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिस जिले को कभी कांग्रेस का अभेद्य गढ़ माना जाता था, उसे पूर्व जिलाध्यक्षों की कड़ी मेहनत ने भाजपा का मजबूत किला बना दिया। आज जिले की लोकसभा, पांचों विधानसभा सीटों समेत जिला पंचायत और अधिकांश नगरीय निकायों पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन विडंबना यह है कि सत्ता के शिखर पर होने के बावजूद जिले में भाजपा संगठन अपने सबसे कमजोर और लचर दौर से गुजर रहा है। वर्तमान जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार की कार्यप्रणाली और निष्क्रियता को लेकर अब पार्टी के भीतर ही असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।
फोटो खिंचवाने और कार्यालय तक सिमटी अध्यक्ष की भूमिका
पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का मानना है कि संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनना जरूरी होता है। लेकिन वर्तमान जिलाध्यक्ष का दायित्व केवल कार्यक्रमों में फोटो खिंचवाने और कार्यालय में बैठकर औपचारिक चर्चा करने तक ही सीमित रह गया है। जहां उनकी प्राथमिकता संगठन विस्तार और संवाद होनी चाहिए, वहां वे व्यक्तिगत और व्यावसायिक गतिविधियों में अधिक व्यस्त नजर आ रहे हैं।
पूर्व अध्यक्षों की विरासत संभालने में विफल
बैतूल भाजपा के इतिहास में अनिल सिंह कुशवाह, हेमंत खंडेलवाल, जितेंद्र कपूर, आदित्य बबला शुक्ला और बाबा माकोड़े जैसे पूर्व जिलाध्यक्षों ने विपरीत परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इसके विपरीत, सुधाकर पंवार पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और बूथ स्तर पर पकड़ बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
आगामी चुनावों में बढ़ सकती हैं पार्टी की मुश्किलें
वर्तमान में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उनकी व्यस्तता दिल्ली और पूरे प्रदेश में बढ़ गई है, जिससे वे गृह जिले को अपेक्षाकृत कम समय दे पा रहे हैं। ऐसे समय में जिलाध्यक्ष पर संगठन को संभालने की दोहरी जिम्मेदारी थी, लेकिन उनकी निष्क्रियता से कार्यकर्ताओं में भारी निराशा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यही यथास्थिति बनी रही और समय रहते नेतृत्व ने जिलाध्यक्ष की कार्यप्रणाली की समीक्षा नहीं की, तो आगामी निकाय, सहकारिता, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ सकता है।



