जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश, निर्यातकों के मुद्दों पर भी हुई चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों की समस्याएं सुनते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक आस्थान से पूर्वी यमुना नहर तक करीब तीन किलोमीटर लंबी नाले की पाइपलाइन बार-बार चौक होने की समस्या उठाई गई। डीएम ने इसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा नेप्स योजना के तहत पात्र औद्योगिक इकाइयों को लाभ दिलाने तथा सिंचाई और विद्युत विभाग से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
इसके बाद जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक में निर्यातकों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा हुई। बैठक में डीजीएफटी पानीपत के अधिकारी सहित एमएसएमई मंत्रालय के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता, विशाल गुप्ता, अंकित गोयल, आशीष जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।