थार सवार बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में हाईवे पर की तीन राउंड फायरिंग
वीडियो सोशल मीडिया में आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले से लौट रहे युवकों पर मोदीनगर हाइवे पर थार कार सवार युवकों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की यह घटना 24 नवंबर की रात्रि को बताई जा रही है। गुरुवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद हापुड नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात्रि में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा मेले में स्नान के बाद कुछ श्रद्धालु मोदीनगर मार्ग होते हुए अपने घर लौट रहे थे। तभी कुछ युवक थार कार से गंगा मेले से गाजियाबाद के मोदीनगर जा रहे थे। उनके साथ कुछ युवक भैंसा-बुग्गी से भी जा रहे थे। भैंसा बुग्गी से जा रहे श्रद्धालुओं का आरोप है कि हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र की नंगौला पुलिस चौकी के पास किसी बात को लेकर थार कार सवार युवकों ने फिल्मी स्टाइल में हाईवे पर तमंचे से तीन राउंड फायरिंग कर दी । सड़क पर अचानक गोलियां चलने के बाद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद हापुड नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया और अब आरोपियों की पहचान कर कार्यवाही की जाएगी ।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने बताया कि , सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ अज्ञात थार कार सवारों द्वारा मोदीनगर रोड़ पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं, प्रथम दृष्टया वीडियो जनपद हापुड़ का होना प्रतीत हो रहा है। प्रकरण की गहनता से जांच कर थाना हापुड़ नगर पर अभियोग पंजीकृत की कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शान्ति व कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।



