बरेली
तीन दफ्तरी पदों पर पदोन्नति के अनुमोदन के बाद सत्याग्रह स्थगित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ का डीआईओएस कार्यालय पर चल रहा अनिश्चितकालीन सत्याग्रह स्थगित कर दिया गया। डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने तीन दफ्तरी पदों पर पदोन्नति का अनुमोदन जारी किया तथा शेष प्रकरणों पर जल्द कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया।
संगठन की मांगों में रिक्त दफ्तरी व लिपिक पदों पर पदोन्नति, मृतक आश्रित नियुक्ति और आउटसोर्सिंग कर्मियों के लंबित मानदेय का भुगतान शामिल था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय कुमार ने की और संचालन मंडल अध्यक्ष सौरभ कुमार ने किया। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आलोक चौहान संघर्षी ने अनुमोदन को संगठन की जीत बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन के अंदर आउटसोर्सिंग कर्मियों का लंबित मानदेय नहीं मिला तो संगठन जेडी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा। ट्रेड यूनियन फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा, महाविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के मंडल अध्यक्ष राकेश राजपूत और संरक्षक हरिवंश किशोर मिश्र ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। संरक्षक अवधेश कुमार मिश्र ने संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दिया। मंडल महासचिव संजीव कुमार पाल और उपाध्यक्ष एस. के. अवस्थी ने उपस्थित कर्मियों का आभार व्यक्त किया।


