बरेली
चार सीओ का हुआ विदाई समारोह, पुलिस परिवार ने गाड़ियों को धक्का लगाकर दी विदाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जनपद से गैर जनपद स्थानांतरित हुए चार क्षेत्राधिकारियों का बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। स्थानांतरित अधिकारियों में सीओ नगर द्वितीय नितिन कुमार, सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह, सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्र और सीओ फरीदपुर संदीप सिंह शामिल हैं।
समारोह में एसएसपी अनुराग आर्य सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने चारों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और जनपद में उनके योगदान की सराहना करते हुए नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह का भावुक क्षण तब देखने को मिला जब अधिकारियों व कर्मचारियों ने आत्मीयता के साथ स्थानांतरित अधिकारियों की गाड़ियों को धक्का लगाकर उन्हें विदा किया। इस अवसर पर एसपी उत्तरी, सीओ नगर प्रथम, सीओ नगर तृतीय, सीओ मीरगंज, सीओ आंवला, सीओ एलआईयू सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



