गोड्डा
विश्व सिकल दिवस पर कन्या मध्य विद्यालय में 132 बच्चों की हुई जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, गोड्डा के तत्वावधान में जिला मुख्यालय के शिवपुर स्थित कन्या मध्य विद्यालय में विश्व सिकल सेल दिवस के मौके पर सिकल सेल जांच सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिकल सेल के बारे में बताते हुए लैब टेक्नीशियन प्रभात झा ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया ऐसा रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं जल्दी टूट जाती हैं। इस कारण एनीमिया और अन्य जटिलताएं वेसो ओक्लुसिव क्राइसिस, फेफड़ों में संक्रमण, एनीमिया, गुर्दे और यकृत की विफलता, स्ट्रोक आदि की बीमारी और यहां तक की पीड़ित की मौत तक की आशंका रहती है। अक्सर जनजातीय समुदाय की मौतें एनीमिया सिकल सेल के कारण भी हो जाती है।
लोगों में आरबीसी का आकार गोल के स्थान पर हंसिए के आकार का हो जाता है। संक्रमित लोगों के शरीर में रक्त की कमी, लकवा, नसें बंद होने और मस्तिष्क में रक्त का थक्का बनने जैसी समस्या होती है।
सिकल सेल एनीमिया आनुवंशिक और घातक बीमारियों में से एक है। वास्तविकता को स्वीकार करते हुए विवाह करते समय सुनिश्चित करें कि विवाह करते वाले महिला-पुरुष में सिकल सेल वाहक या सिकल रोग न हो। शादी से पूर्व जांच कराएं। अगर दोनों में से कोई एक सिकल सेल वाहक है या फिर सिकल सेल बीमारी है, तो बच्चे सिकल सेल बीमारी से दूर रहेंगे। वह वाहक हो सकते हैं। बड़े होने पर वाहक साथी होने पर उनके बच्चे पीड़ित होंगे। अगर पति-पत्नी दोनों वाहक या फिर दोनों बीमारी से पीड़ित हैं, तो ऐसे दंपती बच्चे पैदा करने से अच्छा है कि बच्चों को गोद लें, ताकि विस्तार रोका जा सके। आज के इस जांच शिविर में कुल 132 बच्चों का जांच किया गया। इस मौके पर अर्बन कम्यूनिटी फेसिलिटेटर प्रहलाद कुमार, बेबी कुमारी साहिया साथी ललिता सोरेन, साहिया रजनी कुमारी, स्कूल के शिक्षक आदि उपस्थित थे।



