झुंझुनू
ककराना में पानी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़कर ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
नायब तहसीलदार, पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारियों के 10 दिन के आश्वासन के बाद टंकी से नीचे उतरे पूर्व सरपंच पति शीशराम खटाणा

नेशनल प्रेस टाइम,ब्यूरो
झुंझुनूं चंवरा। क्षेत्र के ककराना में शुक्रवार को सुबह पानी की समस्या से परेशान होकर पूर्व सरपंच पति शीशराम खटाणा, महेश कुमार व मदनलाल 4 साल पहले जल जीवन मिशन हर घर जल योजना के अंतर्गत बनाई गई पानी की टंकी पर चढ़ गए। शीशराम खटाणा ने बताया कि उन्होंने उस पानी की टंकी बनाने के लिए उन्होंने दो बीघा जमीन डोनेट की थी। जहां पर जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत 4 साल पहले 2 लाख लीटर पानी की टंकी का निर्माण किया था जो आज तक सूखी पड़ी है। जलदाय विभाग ने आज तक इसमें पाइप लाइन से कनेक्शन नहीं किया है। खटाणा ने बताया कि ग्रामीण जनता पानी के लिए दर-दर भटक रही है पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने जलदाय विभाग के कर्मचारीयों और अधिकारियों को इस बारे में मौखिक व लिखित कई बार अवगत करवा दिया पर अधिकारियों के जूं तक नहीं रेंगती है। 4 साल में पानी की टंकी पानी नहीं डालने से जर्जर हो रही है। 25 लाख रुपए में बनी पानी की सरकारी टंकी जर्जर हो रही है। शीशराम खटाणा, महेश कुमार, मदनलाल शुक्रवार सुबह 10 बजे अधिकारियों के सुनवाई नहीं करने पर टंकी पर चढ़ गए। वहीं पूर्व सरपंच सुप्यार देवी महिलाओं व ग्रामीणों के साथ खाली मटके लेकर टंकी के पास जाकर बैठ गई कि जब तक पानी की टंकी को जल श्रोत से नहीं जोड़ा जाएगा तब तक वह वहीं बैठे रहेंगे। 11 बजे चंवरा चौकी इंचार्ज जीवन राम मौके पर पहुंचे व टंकी पर चढ़े ग्रामीणों से टंकी से उतरने का अनुरोध किया कि आपका समाधान करवाएंगे पर ग्रामीण टंकी से नीचे नहीं उतरे। दोपहर करीब एक बजे उदयपुरवाटी थानाधिकारी कस्तूर वर्मा व नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह कुड़ी, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अनूप अग्रवाल मौके पर पहुंचे और टंकी पर चढ़े ग्रामीणों से अनुरोध किया और आश्वासन दिया कि 10 दिन में काम चालू कर पानी की टंकी को लाइन से जोड़कर भर दिया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण मानें और टंकी से नीचे उतरे। इस मौके पर रिटायर्ड प्राचार्य सागरमल गुर्जर ख्यालीराम गठीला श्रीराम धाबाई धनाराम खटाना बनवारी लाल खटाना बिड़दुराम कसाना बाबूलाल सिराधना शोध हरिराम नानूराम सरदार राम लादी माणकचंद स्वामी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद टंकी से नीचे उतरे शीशराम खटाणा को उदयपुरवाटी पुलिस ने शांति भंग में किया गिरफ्तार
नायब तहसीलदार और जलदाय विभाग के अधिकारियों के 10 दिन में पानी की टंकी को नल से जोड़कर उसमें पानी भरने के आश्वासन के बाद नीचे उतरे पूर्व सरपंच पति शीशराम खटाणा को उदयपुरवाटी पुलिस शांति भंग में गिरफ्तार कर थाने ले गई। गिरफ्तारी की सूचना के बाद उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, पूर्व सरपंच विजयपाल भाटीवाड़, रघुनाथपुरा सरपंच संजय नेहरा, नांगल सरपंच पति आशकरण, मंडावरा सरपंच ग्यारसीलाल सहित कई लोग उदयपुरवाटी थाने पहुंचे और शीशराम खटाणा को जमानत पर रिहा करवाया। समाजसेवी शीशराम खटाणा की पुत्री पूजा खटाणा भी ग्राम पंचायत ककराना की पूर्व सरपंच रह चुकी हैं।
इनका कहना है
10 दिन में कार्य चालू कर पानी की टंकी को पाइप लाइन से जोड़कर पानी डाल दिया जाएगा। इस मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी किए हैं। उसने 10 दिन में टंकी को कंप्लीट करने का समय दिया है
अनूप अग्रवाल सहायक अभियंता जलदाय विभाग उदयपुरवाटी
जनहित के मुद्दे उठाने से हम डरने वालों में नहीं है जनता की जायज मांगों के लिए यदि जेल भी जाना पड़े तो जाएंगे। बिजली, पानी, चिकित्सा और सड़क जैसे जनहित मामलों में हमेशा जनता के हित के लिए लड़ाई लड़ेंगे। *पूर्व सरपंच पति शीशराम खटाणा*
जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत बनी पानी की टंकी और ट्यूबवैलों को चालू करने के लिए मैंने विधानसभा में भी मांग उठाई थी। सरकार को अवगत भी करवाया था की पहाड़ी क्षेत्र में पानी की भारी परेशानी है।लेकिन अभी तक सरकार द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। ट्यूबवालों में डालने वाली पानी की मोटर और सामान भी पूरा रखा हुआ है। लेकिन फिर भी विभाग के अधिकारियों ने इन्हें चालू नहीं करवाया है। नांगल, पौंख, ककराना सहित कई गांवों में यह स्थिति बनी हुई है। जेजेएम योजना के तहत बनी पानी की टंकियों में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है जिससे टंकियां जर्जर हो रही है। बार-बार अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले लोगों को गिरफ्तार करना पुलिस और प्रशासन की तानाशाही है। मेरे हिसाब से ऐसे मामलों में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने की बजाय उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए। *उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी*



