अमरोहा

छत पर देखा शव तो मच गई खलबली

 सदर विधायक महबूब अली के बेटे की कार चलाता था युवक

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

अमरोहा : गांव के पास एक मकान की छत पर प्रवीण का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस आत्महत्या के कारण की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सदर विधायक व पूर्व मंत्री महबूब अली के छोटे बेटे शाहनवाज अली की कार चालक का शव गांव से थोड़ी दूर एक मकान की छत पर मिला है। घटना के पीछे पारिवारिक क्लेश माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को दी तहरीर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतक प्रवीण कुमार रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव खाता का रहने वाला था। 35 वर्षीय प्रवीण व उसकी पत्नी कोमल के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को कोमल के मायके वाले भी खाता गांव आए थे और दोनों पक्षों में पंचायत हुई थी। पंचायत के बाद प्रवीण घर से निकल आया था
शाहनवाज बाहर गए थे, इसलिए कार चलाने नहीं गया था प्रवीण
विधायक महबूब अली के बेटे शाहनवाज बाहर गए थे, लिहाजा प्रवीण कार चलाने नहीं गया था। शुक्रवार को पंचायत के बाद घर से निकला प्रवीण रात को भी घर वापस नहीं पहुंचा। स्वजन ने उसका मोबाइल नंबर डायल किया तो वह बंद था। अब शनिवार सुबह उसका शव हाईवे किनारे स्थित एक मकान की छत पर पड़ा मिला। यह मकान खाता गांव के ही रहने वाले चुम्मन लाल का है।
छत पर देखा शव, चुम्मन लाल को दी सूचना
चुम्मन लाल हाईवे किनारे बजरी-सीमेंट की दुकान करते हैं। उनकी दुकान से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित मकान की छत पर ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो चुम्मन लाल को सूचना दी। रजबपुर व डिडौली पुलिस के साथ ही सीओ सदर शक्ति सिंह भी आ गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में घरेलू क्लेश के चलते जहर खाने की आशंका जताई है। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button