मथुरा
ट्रेनों में चोरी करने वाले चार शातिर चोर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। ट्रेनों में चोरी की घटनाएं रोकने के लिए जीआरपी और आरपीएफ द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान चार शातिर चोर पकड़े गए हैं। इनके पास से चोरी किए 6 मोबाइल फोन व पीली धातु की चेन बरामद हुई है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम सोमवार सुबह प्लेटफार्म नंबर 8 पर भरतपुर एंड की ओर चेकिंग कर रही थी, तभी टीम ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन और एक पीली धातु की चेन बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के ग्राम मोहम्मदपुर निवासी ग्यासुद्दीन, हाथरस के थाना मुरसान के गांव छोटा नईपुर निवासी रोहित, मध्य प्रदेश के जिला सागर के थाना सदर बाजार निवासी प्रकाश वंशकार और एटा के थाना आशूपुर के ग्राम जिनहैरा निवासी सनी बताया। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक यादराम सिंह ने बताया कि ट्रेनों में आपराधिक वारदात को रोकने के लिए संयुक्त चेकिंग टीम गठित की गई है। टीम द्वारा की गई चेकिंग में 4 शातिर चोरों को पकड़ा गया है। पूर्व में भी यह चोर कई चोरी की वारदात कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि विधिक कार्रवाई के बाद सभी को जेल भेज दिया।



