भीकुंड घाट, मवाना में बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित
प्रदेश के 44 जिलों की 118 तहसीलों में एक साथ हुआ अभ्यास, मेरठ में व्यापक सहभागिता

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में आज भीकुंड घाट, तहसील मवाना में बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रदेश के 44 जिलों की 118 तहसीलों में एक साथ आयोजित की गई।
अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ से पूर्व तैयारी, आपातकालीन रिस्पॉन्स और प्रभावित लोगों की राहत एवं बचाव को प्रभावी बनाना था। इस अवसर पर बाढ़ के दौरान नाव पलटना, डूबते लोगों को बचाना और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना जैसे संभावित परिदृश्यों का वास्तविक अभ्यास किया गया।
मॉक एक्सरसाइज में राजस्व विभाग, पुलिस, 24 राजपूत रेजिमेंट, 10 असम रेजिमेंट, बाढ़ पीएसी, एनडीआरएफ, चिकित्सा विभाग, अग्निशमन सेवा, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, खाद्य आपूर्ति, आपदा मित्र, सिविल डिफेंस, एवं स्थानीय नाविक व गोताखोरों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और अपनी भूमिका का प्रभावी क्रियान्वयन किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा), एसपी देहात, लेफ्टिनेंट जनरल (24 राजपूत रेजिमेंट), मेजर (10 असम रेजिमेंट), मुख्य चिकित्साधिकारी, एसडीएम मवाना, तहसीलदार, एनडीआरएफ अधिकारी, और आपदा विशेषज्ञों की उपस्थिति रही।
यह अभ्यास जिला प्रशासन की तत्परता, आपसी समन्वय और वास्तविक आपदा स्थिति से निपटने की क्षमता को परखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।



