अलवर
जिला कलक्टर ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
केपीआई इंडिकेटर्स में जिले को प्रथम स्थान मिलने पर चिकित्सा विभाग की सराहना की मां योजना के अंतर्गत 1 करोड रूपये से अधिक के पैकेज बुक करने एवं एनीमिक बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को कुपोषण मुक्त करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक लेकर जिला प्रशासन के नवाचार मिशन आकाश के क्रियान्वयन, चिकित्सा विभाग की योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा कर चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों की मॉनिटरिंग हेतु निर्धारित 31 केपीआई इंडिकेटर्स जिसमें गर्भावस्था जांच, संस्थागत प्रसव, बच्चों का टीकाकरण, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, अंधता निवारण, निशुल्क दवाइयों की उपलब्धता एवं एनसीडी स्क्रीनिंग इत्यादि सम्मिलित है, इन इंडिकेटर्स में जिले की रैंकिंग 2024-25 में 21 वें स्थान से वर्तमान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर चिकित्सा विभाग की टीम की सराहना करते हुए प्रगति को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिये।
उन्होंने चिकित्सा संस्थानों द्वारा मुख्यमंत्री आयुष्मान आयोग्य (मां) योजना के अंतर्गत पैकेज की प्रगति की समीक्षा कर निर्देश दिए कि मई माह में 66 लाख रूपये की पैकेज बुकिंग में वृद्धि कर जून-जुलाई माह में 1 करोड रूपये से अधिक के पैकेज बुक करने के लक्ष्य को अर्जित करें। उन्होंने मौसमी बीमारियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों में मरीजों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एन्क्वाश) के तहत चिकित्सा संस्थानों का राज्य असेस्मेंट करवाकर एन्क्वाश के लिए नॉमिनेशन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कायाकल्प कार्यक्रम के तहत चिकित्सा संस्थानों का अधिकाधिक असेसमेंट करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले की ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के कार्य की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिये कि शेष ग्राम पंचायतों को भी शीघ्र टीबी मुक्त बनाने की दिशा में अनवरत कार्य करें। उन्होंने एनसीडी कार्यक्रम, टीकाकरण, एएनसी पंजीकरण एवं संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, परिवार नियोजन कार्यक्रम इत्यादि की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को लक्ष्यानुसार प्रगति हासिल करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अन्त्योदय शिविरों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर आयुष्मान कार्ड बनाने, ई-केवाइसी एवं कार्डों का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने जपाइगो द्वारा विकसित एआई इनेबल्ड प्रसव वाच उपकरणों का प्रजेंटेशन देखकर रियल टाइम एंट्री के लिए इसे चिकित्सा संस्थानों हेतु उपयोगी बताया।
उन्होंने जिले के नवाचार मिशन आकाश की समीक्षा कर निर्देश दिये कि जिले को एनीमिया एवं कुपोषण मुक्त बनाने के लिए 6 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग के अनुसार एनीमिक, अति कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों एवं महिलाओं को सतत सम्पर्क एवं फॉलोअप के माध्यम से उनको उचित परामर्श एवं उपचार मुहैया कराकर एनिमिया मुक्त करावे।




